जरूरतमंद बच्चों के लिए नए कपड़े केवल एक उपहार नहीं, बल्कि खुशी और अपनत्व का एहसास भी होते हैं। कुछ ऐसा ही खुशनुमा नजारा मंगलवार को बालाघाट विकासखंड के ग्राम जागपुर (बड़ा) स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में देखने को मिला। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां पढ़ने वाले सभी बच्चों को नए कपड़े वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कलेक्टर श्री सिंह 17 नवंबर को अचानक शाला पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बच्चों को मध्यान्ह भोजन परोसा जा रहा था। भोजन में पुलाव, टमाटर की सब्जी और चावल की खीर शामिल थी। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर पूछा कि उन्हें प्रतिदिन इसी तरह का भोजन मिलता है या नहीं। बच्चों ने बताया कि स्कूल में हर दिन अलग-अलग तरह का भोजन दिया जाता है।
शाला में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 46 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें निरीक्षण के दौरान 36 बच्चे उपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई का स्तर भी परखा। गणित सहित सभी विषयों में बच्चों का शैक्षणिक स्तर अच्छा पाया गया। उन्होंने बेहतर शाला संचालन और शिक्षण व्यवस्था के लिए प्रधानपाठक प्रवीण कुमार पालेवार एवं शिक्षिका श्रीमती कला डहरवाल की सराहना की।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कक्षा पहली में दर्ज दिव्यांग बालिका काव्या सेंद्रे के संबंध में भी जानकारी ली। शिक्षकों ने बताया कि काव्या बोलने में सक्षम नहीं है, लेकिन उसे सुनाई देता है और वह सभी बातें समझती है। कलेक्टर श्री सिंह को बताया गया कि बालिका का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि बालिका उपचार से बोलने में सक्षम हो सकेगी तो इसके लिए भी मदद की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने काव्या का दिव्यांग प्रणाम फिर से चेक करने के लिए कहा ताकि अगर कुछ कमी हुई तो प्रमाण पत्र फिर से बनवाया जायेगा ताकि बच्ची का भविष्य बन सके और वो भी सभी बच्चों के साथ आगे बढ़ सके।
बच्चों से चर्चा करने के बाद कलेक्टर श्री सिंह ने शाला में अध्ययनरत सभी बच्चों को कपड़े वितरित किए। बालकों को जींस पेंट और शर्ट तथा बालिकाओं को फ्रॉक प्रदान की गई। शाला में पढ़ने वाले सभी बच्चे गरीब परिवारों से हैं, ऐसे में उनके लिए यह उपहार बेहद उपयोगी और खास रहा। नए कपड़े पाकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने इस पूरे आयोजन को भावुक और यादगार बना दिया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत द्वारा शाला में बाउंड्रीवाल एवं खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है। सरपंच श्रीमती वीणा मानिक नगपुरे के प्रयासों से इन कार्यों सहित अन्य सुविधाओं के विकास पर 9 लाख 50 हजार रुपये की राशि खर्च की जा रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की। साथ ही शाला के नवीन भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह का यह आकस्मिक निरीक्षण केवल शाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटने और उनकी शिक्षा एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



