जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से होमगार्ड लाइन सोनाघाटी कैंप में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन 125 आपदा मित्रों को तैराकी एवं बोट संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
मध्य प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं गृह विभाग के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण 16 से 22 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। सोमवार को प्रशिक्षण के चौथे दिन कोसमी डेम में प्रतिभागियों को तैराकी के विभिन्न प्रकार, बोट चलाने और बोट हैंडलिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कंपनी कमांडर सुनीता पन्द्रेय, तथा एएसआई बलिराम सरियाम और बीरन सिंग कुशराम ने आपदा मित्रों को आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में लू लगने पर क्या करें और क्या न करें तथा शीतलहर से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदा मित्रों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दक्ष बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे प्रभावित लोगों की सहायता कर सकें और आपदा प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।




