पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कान्हीवाड़ा, जिला सिवनी में कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि परीक्षा के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश पत्र निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।

प्राचार्य ने बताया कि अभिभावक प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए निर्धारित लिंक पर जाकर आवेदन क्रमांक अथवा पंजीयन क्रमांक दर्ज करें। इसके पश्चात प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल लें। प्रवेश पत्र में अभ्यर्थी का नाम, आवेदन संबंधी विवरण, परीक्षा केंद्र एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा से पूर्व प्रवेश पत्र अवश्य डाउनलोड कर लें तथा उसमें अंकित सभी निर्देशों का पालन करें। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश पत्र के बिना परीक्षा में सम्मिलित होने में कठिनाई हो सकती है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।