जिले के लोक सेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने, आवेदन स्वीकार नहीं करने तथा नागरिकों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायतों को लेकर कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा सख्त निर्देश जारी किए हैं। 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में सभी केंद्र संचालकों एवं ऑपरेटरों को शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही शुल्क लेने और आवेदकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने, आवेदन दर्ज करने से इनकार करने अथवा अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने पर संबंधित केंद्र संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आदेश में अनुबंध उल्लंघन पर 25 हजार रुपये तक के आर्थिक दंड का प्रावधान भी किया गया है। लोक सेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क की जानकारी प्रदर्शित करने, आवेदन दर्ज करने के बाद पावती देने तथा आधार पंजीयन एवं अपडेट सेवाओं में निर्धारित दरों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों को शासन की सेवाएं पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

