आगामी रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में बीज का भंडारण किया गया है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न रबी फसलों के प्रमाणित एवं आधार बीज की उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर बीज मिल सके और बुवाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विभाग के अनुसार, प्रदेश में शासकीय एवं अन्य अधिकृत संस्थाओं तथा निजी बीज संस्थाओं के पास कुल 37 लाख 51 हजार 994 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इसमें गेहूं, चना, मसूर, सरसों, अलसी, मटर एवं जौ सहित रबी सीजन की प्रमुख फसलों के बीज शामिल हैं। विभाग द्वारा बीज के भंडारण एवं उपलब्धता की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बीज उपलब्ध कराया जा सके।

मुरैना जिले में भी बीज का पर्याप्त भंडारण

रबी वर्ष 2026-27 के लिए मुरैना जिले में भी विभिन्न फसलों के प्रमाणित एवं आधार बीज उपलब्ध कराए गए हैं। जिले में संस्थावार उपलब्धता के अनुसार गेहूं का 3,220 क्विंटल, चना का 950 क्विंटल, जौ का 2,675 क्विंटल तथा सरसों का 1,500 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इससे जिले के किसानों को रबी फसलों की बुवाई के लिए आवश्यक बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

बीज खरीदते समय गुणवत्ता एवं बिल का रखें ध्यान

कृषि विभाग की सभी किसानों से अपील है कि वे रबी सीजन में बुवाई के लिए अधिकृत बीज विक्रय केंद्रों एवं संबंधित सहकारी संस्थाओं से ही प्रमाणित बीज खरीदें। बीज खरीदते समय पैकेट पर लगे टैग, गुणवत्ता संबंधी विवरण, वैधता अवधि एवं अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। साथ ही, प्रत्येक खरीद पर विक्रेता से बिल प्राप्त करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर खरीद से संबंधित प्रमाण उपलब्ध रहे।

किसान फसल एवं क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त बीज का चयन करें तथा उसकी गुणवत्ता और निर्धारित विक्रय दर के प्रति सतर्क रहें। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जाती है अथवा बीज विक्रय में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी सूचना संबंधित जिले के कृषि विभाग के अधिकारियों को दें। विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा बीज विक्रय व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।