धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सीधी जिले के 134 चयनित ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को मत्स्यपालन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत विभिन्न मत्स्यपालन गतिविधियों की इकाई लागत पर 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक हितग्राही 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग दीपक शुक्ला ने बताया कि योजना के अंतर्गत हितग्राही बैकयार्ड मिनी आरएएस, बायोफ्लॉक, पॉन्ड बायोफ्लॉक, मछली विक्रय के लिए साइकिल एवं आइस बॉक्स सहित मोटरसाइकिल, ऑटोरिक्शा, संवर्धन पोखर निर्माण तथा फिश कियोस्क जैसी गतिविधियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इकाई लागत का 90 प्रतिशत मिलेगा अनुदान
योजना के तहत स्वीकृत गतिविधियों की इकाई लागत का 90 प्रतिशत अनुदान के रूप में देय होगा। कार्य पूर्ण होने तथा मूल्यांकन की प्रक्रिया के उपरांत अनुदान राशि शासन द्वारा सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। इससे पात्र जनजातीय हितग्राहियों को मत्स्यपालन एवं मछली विक्रय के माध्यम से आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
केवल चयनित 134 ग्रामों के पात्र हितग्राही होंगे लाभान्वित
यह योजना सीधी जिले के निर्धारित 134 चयनित ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों के लिए लागू है। इच्छुक आवेदक योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने एवं आवेदन प्रस्तुत करने के लिए कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला सीधी, वीथिका परिसर, खनिज विभाग के बगल में संपर्क कर सकते हैं।
पात्र हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

