उज्जैन,23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेशभर में संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर उनके कार्यक्षेत्र, अनुभव और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। आज सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स समाज में जनमत निर्माण, जनजागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उज्जैन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी साझा करने से पहले उसका तथ्य सत्यापन अवश्य करें। अपुष्ट, भ्रामक अथवा गलत जानकारी का प्रसार न करें और ऐसी सूचनाओं को फैलने से रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की पहुंच व्यापक है, इसलिए इसका उपयोग जनहित, जागरूकता और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जाना चाहिए। भ्रामक खबरों और अफवाहों के प्रसार को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विश्वसनीय तथ्यों पर आधारित जानकारी साझा कर शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। संवाद कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने अपने अनुभव साझा किए तथा जनजागरूकता बढ़ाने, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने और शासन की जनकल्याणकारी गतिविधियों को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, सीईओ स्मार्ट सिटी उज्जैन सुश्री डॉ. नेहा जैन, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स उपस्थित रहे।