लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार जिला स्तर पर लंबित पेंशन, ग्रेच्युटी, क्रमोन्नति, समयमान, अवकाश नगदीकरण सहित कर्मचारियों की अन्य समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 27 सितंबर को समस्या निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के हॉल में आयोजित की गई गया था।

शिविर में जिला शिक्षा अधिकारी सहित जिले के समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा। शिविर का उद्देश्य शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनका यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

समस्या निदान शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 39 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 13 प्रकरणों का तत्काल मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों की विभागीय स्तर पर समीक्षा करते हुए उनके निराकरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई।

विकासखण्ड स्तर पर लंबित प्रकरणों के संबंध में संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें तथा प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।

शिविर में ऐसे प्रकरण भी चिन्हित किए गए, जिनका निराकरण वरिष्ठ कार्यालय के स्तर से किया जाना है। इन प्रकरणों की सूची तैयार कर ली गई है, ताकि उन्हें संबंधित वरिष्ठ कार्यालय को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों से संबंधित पेंशन, ग्रेच्युटी, क्रमोन्नति, समयमान एवं अवकाश नगदीकरण जैसे सेवा संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की सतत निगरानी करते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।