शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आगर में विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सत्यम ऑटो कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, हलोल, वडोदरा (गुजरात) के लिए वर्चुअल प्लेसमेंट इंटरव्यू का आयोजन किया गया। इस चयन प्रक्रिया में महाविद्यालय की विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के कुल 45 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इंटरव्यू में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा सिविल इंजीनियरिंग शाखाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कंपनी की ओर से एचआर प्रतिनिधि ने वर्चुअल माध्यम से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया तथा उनकी तकनीकी समझ, विषयगत ज्ञान, संवाद कौशल और व्यावसायिक दक्षता का आकलन किया। महाविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री संदेश भंडारी के समन्वय में आयोजित इस प्लेसमेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से परिचित कराना तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।
प्राचार्य डॉ. हितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आगर मालवा विद्यार्थियों के कौशल विकास, करियर निर्माण एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयासरत है। महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उद्योग जगत में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तक पहुँच प्रदान करना है।




