राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शिवपुरी जिले में 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के सुचारू संचालन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वर्ष 2022 से 2027 तक संचालित उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को साक्षर बनाया जा रहा है, जो मुद्रित व लिखित सामग्री को पढ़ने, समझने, गणना करने और संवाद करने में असमर्थ हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष में दो बार मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाती है। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ऐसे व्यक्ति जो पूर्व से शिक्षित हैं लेकिन उनके पास कोई शैक्षणिक प्रमाण पत्र नहीं है, वे भी प्रमाणीकरण प्राप्त करने हेतु इस मूल्यांकन परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले भर में बनाए गए 2305 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रश्न पत्र को तीन भागों में विभाजित किया गया है, जिसे हल करने के लिए 3 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को शासन द्वारा औपचारिक साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। विभागीय समन्वय एवं आमजन से सहयोग की अपील प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जिला प्रशासन, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद तथा ग्राम पंचायत विभाग के रोजगार सहायकों सहित जिले के समस्त सक्रिय व जागरूक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करें।
शिक्षा
उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रमः शिवपुरी जिले में 24 अक्टूबर को आयोजित होगी मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा
झटपट खबर डेस्क · शिवपुरी · 23 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट

