परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ अपने छोटे से किराना व्यवसाय को आगे बढ़ाने का सपना श्रीमती रामबाई बैगा देखती थीं। डूमरकछार के वार्ड क्रमांक 01 में किराना दुकान संचालित करने वाली रामबाई के सामने सबसे बड़ी चुनौती व्यवसाय में अतिरिक्त पूंजी लगाने की थी। सीमित धनराशि के कारण वे दुकान में पर्याप्त सामान नहीं रख पा रही थीं और कारोबार को विस्तार देने में कठिनाई होती थी।
इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की जानकारी मिली। उन्होंने नगर परिषद डूमरकछार की एनयूएलएम शाखा से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। नगर परिषद द्वारा उन्हें व्यवसाय संबंधी प्रमाण-पत्र एवं पहचान पत्र उपलब्ध कराया गया। इसके बाद सेंट्रल बैंक शाखा रामनगर कॉलरी से उन्हें प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। निर्धारित अवधि में ऋण का भुगतान करने के बाद उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण भी प्राप्त हुआ, जिसकी किश्तों का वे नियमित रूप से भुगतान कर रही हैं।
ऋण की राशि से रामबाई ने अपनी किराना दुकान में आवश्यक सामान बढ़ाया, जिससे दुकान पर ग्राहकों की जरूरत के अधिक सामान उपलब्ध रहने लगे। कारोबार में मिले इस सहारे से उनकी आमदनी को संबल मिला और परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिली।
रामबाई कहती हैं कि पीएम स्वनिधि योजना ने उनके छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहारा दिया है। आज वे अपने व्यवसाय को स्वयं संभालते हुए परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर रही हैं। वे योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।



