प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उदबोधन का भी हुआ सीधा प्रसारण

विधायक श्री राठौर के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव की अध्यक्षता में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

आदिवासी संस्कृति की छटा बिखरी, हितलाभ भी बटे

धरती आबा भगवान एवं जनजाति नायक बिरसा मुण्डा की 151वी जयंती ग्वालियर जिले में भी हर्षोल्लास के साथ “जनजातीय गौरव दिवस” के रूप में मनाई गई। जिले के आदिवासी बहुल विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में भव्य जिला स्तरीय उत्सव का आयोजन हुआ। सीधे प्रसारण के जरिए एलईडी स्क्रीन से कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन भी सुना। घाटीगाँव में विधायक श्री मोहन सिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की अध्यक्षता में “जनजातीय गौरव दिवस” पर आयोजित हुए कार्यक्रम में परंपरागत आदिवासी परिधानों में सजे-धजे जनजाति समुदाय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी संस्कृति की छटा बिखरी। इस अवसर पर सरकार की अन्य योजनाओं के तहत जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित हुए।

कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गईं। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सदस्य सुश्री रेनू आदिवासी, ग्राम पंचायत के सरपंच श्री बंटी आदिवासी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया, एसडीएम श्रीमती जुही गर्ग, उप आयुक्त जनजाति कल्याण विभाग श्री बृजेश पाण्डेय व जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री भारती धाकड़ उपस्थित थीं। विधायक श्री मोहन सिंह राठौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम जन-मन अभियान के माध्यम से आदिवासी समुदाय की समस्याओं का स्थायी समाधान किया है। साथ ही आदिवासी बहुल बस्तियों में तेजी के साथ अधोसंरचनागत विकास भी कराया है। उन्होंने कहा पहले जहाँ जनजाति बहुल बस्तियों में एक – दो मकान पक्के दिखाई देते थे, पर अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अभियान बतौर पक्के मकान बन जाने से उन बस्तियों में नाममात्र के कच्चे मकान रह गए हैं। आदिवासी बहुल बस्तियों में पक्की सड़कें, विद्युतीकरण व पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

श्री राठौर ने विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत सहरिया जनजाति बहुल बस्तियों में हुए बड़े-बड़े विकास कार्यों की जानकारी भी दी। जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने कहा खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व समाज सुधारक भगवान बिरसा मुण्डा के नाम से हर साल जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इतना ही नहीं अनसूचित जनजाति वर्ग को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार ने तमाम कल्याणकारी योजनायें शुरू की हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस अवसर पर आह्वान किया कि हम सब भगवान बिरसामुण्डा द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने खासतौर पर सहरिया जनजाति समुदाय के लोगों से कहा कि वे अपने बच्चों को पढ़ाने का संकल्प लें। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने जनजाति समाज की भलाई के लिये योजनाबद्ध ढंग से कार्यक्रम लागू किए हैं। जनजाति समुदाय के हर परिवार को सरकार की योजनाओं से संबल मिला है। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, जनजाति कल्याण, एनआरएलएम, महिला बाल विकास, जनजाति कल्याण इत्यादि विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इस अवसर पर टंट्या मामा स्वरोजगार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाड़ली लक्ष्मी, एनआरएलएम, आयुष्मान भारत इत्यादि योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। साथ ही किसानों को उन्नत बीज की नि:शुल्क मिनी किट भी प्रदान की गई। आरंभ में अतिथियों ने भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर घाटीगाँव में आयोजित हुए जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजाति समुदाय के छात्र - छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने परंपरागत आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इसी तरह अन्य आदिवासी बालिकाओं ने भगवान बिरसा मुण्डा एवं आदिवासी संस्कृति से ओतप्रोत मनोहारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी की वाहवाही लूटी।