मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा सहायक नगर नियोजक परीक्षा-2026 एवं विशेषज्ञ आयुर्वेद परीक्षा-2026 का आयोजन 20 सितम्बर 2026 को ऑफलाइन पद्धति से एक सत्र में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा संभागीय मुख्यालय इंदौर के कुल 5 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। इसमें सहायक नगर नियोजक परीक्षा के 1391 तथा विशेषज्ञ आयुर्वेद परीक्षा के 233 सहित कुल 1624 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

परीक्षा की शुचिता एवं सुचारू संचालन के लिए नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया

आयोग द्वारा परीक्षा के सुचारू, निर्विघ्न एवं शुचितापूर्ण संचालन के लिए परीक्षा केन्द्रों पर नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत सीसीटीवी सर्विलेंस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, HHMD के माध्यम से तलाशी ( Frisking) तथा VOIP की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस नवीन जांच प्रक्रिया के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाएगा।

परीक्षार्थियों के लिए दिशा-निर्देश

आयोग ने परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। परीक्षार्थियों की HHMD के माध्यम से जांच की जाएगी। पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष वीक्षकों तथा महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा निर्धारित कक्ष में की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी जांच महिला अथवा पुरुष कर्मचारी से करवाने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

परीक्षार्थी अपने साथ केवल बॉलपेन, एक पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड ला सकेंगे। आवश्यक दवाइयां भी साथ लाने की अनुमति रहेगी। आयोग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें तथा लागू सभी निर्देशों एवं नवीन जांच प्रक्रिया का पालन करते हुए परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करें।