कटनी (29 अक्टूबर) - शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर सत्र 2026-27 के तहत जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कटनी जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोमांचक मुकाबले में कटनी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कटनी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीच खेला गया। इसमें कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तिलक महाविद्यालय की टीम को 3-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेई ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कटनी जिला दल की महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का ट्रायल के माध्यम से चयन किया गया। चयनित पुरुष फुटबॉल टीम जबलपुर में और महिला टीम नरसिंहपुर में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में कटनी जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार के निर्देशन में किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा विद्यार्थियों की सराहनीय उपस्थिति रही।




