25वीं जूनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप का आयोजन 28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक जेप्पियार यूनिवर्सिटी, सेम्मनचेरी, चेन्नई (तमिलनाडु) में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीधी जिले के तीन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में कु. ईक्षा तिवारी (75 किलोग्राम), अम्बर सेन (52 किलोग्राम) और आर्यन यादव (90 किलोग्राम) शामिल हैं।
तीनों खिलाड़ी पुलिस लाइन सीधी स्थित वूशु ट्रेनिंग सेंटर में नियमित अभ्यास करते हैं। इन्हें पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल प्रशिक्षक शेर अली खान द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है।
मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सीधी कमला जोशी ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर तमिलनाडु के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला वूशु संघ की अध्यक्ष रंजन शुक्ला, सचिव मनीषा खानम तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रियंका केवट उपस्थित रहीं। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और विजयश्री प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।
