मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित किये जा रहे जनसंवाद कार्यक्रम जहां जनकल्याणकारी योजनाओं में लोगों को लाभ देने और उनकी समस्याओं का निदान करने में सफल साबित हो रहे है, वहीं गांव की प्रमुख समस्याओं के निराकरण में भी कारगर हो रहे है। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की अध्यक्षता में विकासखंड कराहल के ग्राम खिरखिरी में आयोजित जन विश्वास शिविर के दौरान भीम टोला में पेयजल संबंधी समस्याएं सामने आई थीं, जिसमें ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम भीम टोला में नलो के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में जल की आपूर्ति नही हो रही है, इस पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या के निराकरण हेतु निर्देशित किया गया था।
कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री अफजल अमानुल्ला ने बताया कि उक्त समस्या के निराकरण के लिए तत्काल विभागीय टीम भेजकर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कराया गया तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत स्थापित नलजल योजना के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी क्षेत्रो में एक साथ पानी की सप्लाई होने से पर्याप्त जलापूर्ति में समस्या आ रही थी, जिस पर पानी की टंकी से अन्य क्षेत्रों में जाने वाले शेष वॉल्व बंद कर भीम टोला में जलापूर्ति सुनिश्चित की गई। परिणामस्वरूप अब भीम टोला के सभी घरों में नल के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच रहा है। विभाग द्वारा संबंधित ऑपरेटर को प्रतिदिन नियमित रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए जल नमूना एकत्रित कर परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।
