शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, शाजापुर द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, अभिव्यक्ति एवं समस्या समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “Ida & Creativity Sprint" के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाजापुर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन के प्रथम दिवस आइडिया जनरेशन प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं आलेख लेखन प्रतियोगिता में 150 विद्यार्थी इंटर स्कूल (कक्षा 9वीं से 12वीं) तथा ITI / डिप्लोमा के सम्मिलित हुए। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने नवीन विचार, रचनात्मक प्रतिभा एवं प्रभाव अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। दोनों समूहों के लिए पृथक पुरस्कार रखे गए हैं। आइडिया जनरेशन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹3000, ₹2000 एवं ₹1000 तथा अन्य प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹1000, ₹700 एवं ₹500 निर्धारित किए गए हैं। उपरोक्त प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मण्डल में श्री विजय चौहान एसडीओ पीडब्ल्यूडी, श्री केशव महाजन मत्स्य विभाग, श्री नवीन ढोले एमपीईपी, श्रीमती बिदिया ठोमरे समाजसेवी, सुश्री अतिदि धानेट विद्याकुंज स्कूल, श्रीमती साक्षी चौधरी विद्यावेली स्कूल, श्रीमती मंगला पाठक सीओमा पब्लिक स्कूल, श्रीमती संगीता पाटीदार सरस्वती विद्या मंदिर उपस्थित रहें।
महाविद्यालय द्वारा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षक भी उपस्थित रहेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विपुल परमार्थी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

